गर्जिया मंदिर समिति से जुड़े एक कर्मचारी ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खा लिया। हालत गंभीर होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले में मंदिर समिति कर्मचारियों ने वन विभाग पर आरोप लगाते हुए थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है।
मंगलवार शाम गर्जिया मंदिर समिति का कर्मचारी पूछड़ी निवासी गोविंद बधानी गर्जिया मंदिर में वन विभाग की दीवार को तोड़ने का प्रयास कर रहा था। इसी बीच वन विभाग की टीम उसे पकड़कर फारेस्ट दफ्तर में ले आई, यहां कुछ देर रखने के बाद वनकर्मियों ने गोविंद को छोड़ दिया। तकरीबन आधे घंटे बाद रिहा गोविंद जहर खाकर फिर फारेस्ट आफिस पहुंच गया, जहां उसकी हालत बिगड़ने लगी तो रेंजर आनंद सिंह रावत ने उसे अस्पताल पहुंचाया।
इस मामले में मंदिर समिति के सचिव डा. देवीदत्त दानी ने रेंजर आनंद रावत एवं दो-तीन अन्य वनकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। वनकर्मियों ने भी मंदिर समिति के खिलाफ तहरीर सौंपी है। एसएसआई मोहन चंद्र पांडे ने बताया उन्होंने मंदिर समिति के सचिव की तहरीर पर रेंजर एवं दो-तीन अन्य वनकर्मियों के खिलाफ धारा 323, 342 में मुकदमा दर्ज किया है।