फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आपसी विवाद के चलते पति-पत्नी ने खाया जहर, पत्नी की मौत

Thu, 02 Apr 2015 02:18 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला,गरमपानी
विज्ञापन
विज्ञापन
रामगढ़ ब्लाक के क्वारब गांव में मंगलवार दोपहर एक नवविवाहित दंपति ने आपसी विवाद के बाद जहर खा लिया, जिससे पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पति को गंभीर हालत में अल्मोड़ा स्थित बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर है। राजस्व पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद पत्नी का शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
विज्ञापन


क्वारब गांव निवासी पूरन सिंह मेहरा के पुत्र बालम सिंह मेहरा (24) का विवाह 11 माह पहले लता मेहरा (22) के साथ हुआ था। बालम सिंह दिल्ली में किसी निजी होटल में काम करता है। बताया जाता है कि कुछ दिन पहले बालम छुट्टी पर घर आया था और मंगलवार को उसे वापस दिल्ली जाना था। मंगलवार दोपहर में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस पर लता मेहरा ने आक्रोश में जहर खा लिया। पत्नी को तड़पता देख बालम ने भी जहर खा लिया और घर से खेतों की ओर जा निकला।

घटना के कुछ ही देर बाद लता मेहरा ने घर में दम तोड़ दिया। इधर, बालम सिंह को खेतों के पास तड़पता देख आसपास के ग्रामीणों ने उसे किसी तरह अल्मोड़ा स्थित बेस अस्पताल में पहुंचाया। जबकि कुछ ग्रामीण बालम सिंह की तबियत बिगड़ने की जानकारी देने के लिए पास स्थित उसके घर पहुंचे तो वहां लता मेहरा मृत पड़ी थी। ग्रामीणों के मुताबिक घटना के समय बालम सिंह के पिता, मां और भाई घरेलू कार्यों के चलते घर से बाहर थे। सूचना पर वह सभी भागे-भागे घर पहुंचे। उधर, सूचना मिलने पर देर रात कोश्याकुटौली के तहसीलदार नितेश डागर, पटवारी प्रवीन ह्यांकी, कानूनगो डीडी जोशी आदि मौके पर पहुंचे। खबर लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी।
विज्ञापन


पति के साथ दिल्ली जाना चाहती थी लता
राजस्व पुलिस की ओर से परिजनों से की गई प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि लता अपने पति बालम के साथ दिल्ली जाना चाहती थी, जबकि बालम चाहता था कि पत्नी घर में ही रहे। बताया जाता है कि इसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें