हल्द्वानी। एससी एसटी आयोग के पूर्व सचिव गीता राम नौटियाल के खिलाफ फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी के मामले में गैर जमानती वारंट जारी होने पर देहरादून पुलिस ने हाईकोर्ट के वकील चंद्रशेखर करगेती के घर दबिश दी। वकील के न मिलने पर पुलिस लौट गई। कोर्ट में हाजिर न होने पर वकील के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया है। वकील के खिलाफ 2016 में देहरादून के बसंत विहार थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
वकील के अदालत में हाजिर नहीं होने पर देहरादूून की स्पेशल अदालत ने वकील के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया। इसी वारंट को तामील कराने के लिए देहरादून पुलिस परेशान है। टीपीनगर चौकी प्रभारी अजेंद्र कुमार ने बताया कि चंद्रशेखर करगेती की तलाश करने के लिए देहरादून पुलिस रविवार को आई थी। उनके हीरानगर और फूलचौड़ स्थित आवास पर दबिश दी गई। परिजनों ने बताया कि वकील घर नहीं हैं। पुलिस की सर्विलांस से पता चला कि उन्होंने ढिकुली पहुंचकर मोबाइल बंद कर दिया था। पुलिस रामनगर भी गई लेकिन सफलता नहीं मिली।
हाईकोर्ट ने लगाया है दो लाख का जुर्माना
करगेती के खिलाफ 2016 में तत्कालीन एसएसटी आयोग के सचिव और वर्तमान में उपनिदेशक समाज कल्याण जीआर नौटियाल ने फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में करगेती ने मुकदमा निरस्त कराने और गिरफ्तारी पर रोक लगाने के लिए याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट ने तथ्यों को सही नहीं पाते हुए याचिका खारिज कर दी और उन पर दो लाख का जुर्माना लगाया था। 13 अगस्त को देहरादून एसएस एसटी स्पेशल कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी कर दिया था।