हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में बवाल के मामले को लेकर कोतवाली पुलिस ने एक छात्रा और पांच छात्रों को नोटिस भेजा है। एक छात्र के परिजन को भी पुलिस ने भोटिया पड़ाव चौकी में बुलाया था।
मामले की जांच कर रहे चौकी प्रभारी नंदन सिंह रावत ने बताया कि छात्रनेता हर्षित जोशी, रोहित प्रकाश, मीमांसा आर्य, मोहम्मद आजम सहित छह लोगों को नोटिस दिया है। पुलिस का कहना है कि संदेश के घेरे में आए छात्र और छात्राओं से विस्तृत पूछताछ की जाएगी। उनके अभिभावकों को भी अवगत कराया जाएगा। बता दें कि 24 अगस्त को एमबीपीजी कॉलेज में प्रवेश की समस्या को लेकर कुछ छात्रों ने मिट्टी का तेल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया था। आरोप है कि एक छात्रा ने भी छात्राओं के साथ चौकी प्रभारी की वर्दी पर भी तेल डाल दिया था। इस मामले में प्राचार्य ने कोतवाली तहरीर दी है। उन्होंने एसपी सिटी से दोषी छात्र-छात्राओं के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा है लेकिन पुलिस इस मामले में अभी जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने कालेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।