रामनगर (नैनीताल)। मोहान में बृहस्पतिवार रात एक बार फिर से हाथी सड़क पर आया और रोडवेज बस में तोड़फोड़ कर दी। हाथी को भगाने के लिए आए वन कर्मियों पर ही हाथी हमलावर हो गया। वन कर्मियों ने पटाखे फोड़कर हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा। हाथी के उग्र होने पर राहगीर जहां परेशान हुए वहीं वन कर्मी भी चिंतित नजर आए।
बृहस्पतिवार रात करीब पौने आठ बजे हाथी अचानक सड़क पर आ गया। हाथी ने पहले रानीखेत डिपो की बस पर हमला किया और उसके शीशे तोड़ डाले। इससे बस में बैठे यात्रियों में चीख पुकार मच गई। चालक ने बस को पीछे की ओर दौड़ा दी। इसके बाद हाथी सड़क पर खड़ा हो गया। सूचना पर वन कर्मी मौके पर पहुंचे। वन कर्मियों ने जैसे ही हाथी को खदेड़ने के लिए शोर मचाया तो हाथी वन कर्मियों पर ही हमलावर हो गया। वन कर्मियों ने भागकर जान बचाई। इसके बाद वन कर्मियों ने पटाखे फोड़े और शोर मचाया। जिससे हाथी सड़क से उतरकर जंगल की ओर चला गया। हाथी के जाने के बाद रातभर वन कर्मियों ने वहां पर गश्त की। कोसी रेंज के कार्यालय प्रभारी वीरेंद्र पांडेय ने बताया कि हाईवे पर हाथी आया था, जो वन कर्मियों पर भी हमलावर हो गया था। हाथी के हमलावर होने के बाद अब वन कर्मियों की गश्त को बढ़ा दी गई है।
वन कर्मियों पर हमलावर हुआ हाथी, भागकर बचाई जान
मोहान के पास रात के समय उग्र हुआ हाथी
रानीखेत डिपो की बस में भी की तोड़फोड़