नैनीताल। सरोवरनगरी में युवकों के साथ ही 16 से 25 साल की युवतियां भी नशे के दलदल में फंस रही हैं। इनमें हर आय वर्ग के लोग शामिल हैं। वह स्मैक, चरस समेत शराब की भी आदी बन रही हैं। एसएसपी सुनील कुमार मीणा के निर्देश पर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस अभियान के दौरान इसका खुलासा हुआ है। पुलिस ऐसी युवतियों, किशोरियों की लिस्ट बना रही है। पुलिस दस से ज्यादा युवतियों को चिह्नित कर चुकी है। जल्द ही इनकी गिरफ्तारी हो सकती है।
छात्रनेता रोहित तिवारी की हत्या के बाद नगर में चार छोटे तस्कर सक्रिय होने लगे हैं। पुलिस इनके खिलाफ सबूत जुटा रही है ताकि गिरफ्तारी हो सके। इनमें से कई युवा नगर में पढ़ने के लिए भी आए हैं। युवतियों के नशे की जकड़ में होने का खुलासा होने के बाद पुलिस ने सक्रियता बढ़ा दी है। युवतियों को स्मैक की सप्लाई करने वालों की तलाश की जा रही है।
युवतियां भी फंसी नशे के दलदल में
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस अभियान के दौरान खुलासा
निम्न वर्ग से लेकर उच्च वर्ग तक की युवतियां गिरफ्त में, 10 से ज्यादा युवतियां चिह्नित
खुद ही बर्बादी की कहानी लिख रहे युवा
इसे विडंबना ही कहेंगे कि नगर के युवाओं की नशों में जोश कम और नशा ज्यादा दौड़ रहा है। कॉलेजों से लेकर स्कूल और हॉस्टलों तक नशा घुस चुका है। स्मैक का धंधा इतने बड़े पैमाने पर हो रहा है कि न जाने कितने युवाओं की जिंदगी नशे की भेंट चढ़ चुकी है।
15 दिन में आदी हो जाते हैं युवा
सरोवरनगरी में तल्लीताल से मल्लीताल तक स्मैक तस्करी हो रही है। मल्लीताल पुलिस ने कुछ तस्करों को गिरफ्तार किया है। फिर भी कई तस्कर सक्रिय हैं। युवाओं को नशे की आदत डालने के लिए शुरुआती दौर में तस्कर मुफ्त स्मैक उपलब्ध करवाते हैं। 15 दिन तक स्मैक लेने के बाद युवा स्मैक के आदी हो जाते हैं। ऐसे में तस्कर उन्हें महंगे दामों पर स्मैक बेचते हैं। नगर में 250 से 500 रुपये तक स्मैक की एक पुड़िया बेची जा रही है।
नशाखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान कई युवतियों के स्मैक का नशा करने की बात सामने आई है। इनके खिलाफ सबूत जुटाए जा रहे हैं। जल्द ही इन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा। -बीसी मासीवाल, एसएसआई, मल्लीताल।