हल्द्वानी। रामपुर रोड पर शीतल होटल के पास तेज रफ्तार बाइक और स्कूटी की टक्कर हो गई। इस हादसे में दो युवतियों सहित चार घायल हो गए। बजवालपुर निवासी देवी दत्त बलियानी की पुत्री सुनीता (22) बलियानी अपनी करीबी नंधौर वैली निवासी ऊषा सिंह (24) पुत्री कुंदन सिंह के साथ स्कूटी से एक शादी समारोह में जा रही थी। रामपुर रोड स्थित शीतल होटल के पास तेज रफ्तार से आ रही बाइक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे दोनों वाहनों पर सवार चार लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने स्कूटी सवार घायल सुनीता और ऊषा को निजी वाहन से एसटीएच पहुंचाया जबकि घायल बाइक सवार देवलचौड़ बंदोबस्ती निवासी राहुल (26) और मनीष (25) को परिजनों ने एसटीएच में भर्ती कराया। अस्पताल में राहुल की हालत गंभीर बताई जा रही है। परिजनों ने बताया कि दोनों युवक कहीं घूम कर घर लौट रहे थे जबकि घटना से कुछ देर पहले लड़कियां डेयरी में दूध लेने गई थी। पुलिस स्कूटी को कब्जे में लेकर दुर्घटना की जांच कर रही है।