रानीखेत (अल्मोड़ा)। सौनी में किशोर दिनेश बिष्ट की संदिग्ध मौत की गुत्थी अभी भी पुलिस के लिए पहेली बनी हुई है। पुलिस ने इस मामले में कई लोगों से पूछताछ कर ली गई है। इसके अलावा परिजनों सहित कई लोगों के मोबाइल फोनों की भी काल डिटेल खंगाली जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए ठोक बजाकर ही किसी नतीजे पर पहुंचा जा सकता है।
पुलिस इस दौरान मृतक के परिजनों और रिश्तेदारों से भी कई घंटों तक पूछताछ कर चुकी है। लेकिन फिलहाल कोई भी क्लू हाथ नहीं लग सका है। मालूम हो कि 12 जुलाई की तड़के मार्निंग वाक पर निकला दिनेश घर से दो सौ मीटर की दूरी पर झुलसी हुई हालत में मिला। मृतक ने पुलिस को दिए बयानों में कहा था कि उसे दो लोगों ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, इसके बाद से ही पुलिस गहन पड़ताल में जुटी हुई है। जिस स्थान पर दिनेश झुलसी हालत में मिला था वहां भी पड़ताल की गई है। सीओ वीर सिंह ने बताया कि फिलहाल जांच चल रही है। अभी पुख्ता सुबूत हाथ नहीं लगा है। पुलिस ने कई मोबाइल फोन कब्जे में लिए हैं, जिनकी काल डिटेल खंगाली जा रही है।