इसी कार में सवार थे विशेष सचिव
- फोटो : अमर उजाला
हल्द्वानी। पुलिस महानिरीक्षक पूरन सिंह रावत ने कुमाऊं की मासिक समीक्षा बैठक में सड़क हादसों की बढ़ती संख्या पर चिंता जताई है। उन्होंने सभी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षकों को हादसों की रोकथाम के लिए अन्य विभागों के साथ मिलकर ठोस रणनीति बनाने और सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को पुलिस बहुउद्देश्यीय भवन में पुलिस महानिरीक्षक रावत ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि सड़क हादसे में दो से ज्यादा मौतें हो तो इसे विशेष अपराध की श्रेणी में मुकदमा दर्ज कर जांच की जाए। सीओ घटनास्थल पर जाकर मुआयना करें। संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर लोनिवि, परिवहन विभाग के साथ मिलकर बैरियर व चेकिंग की जाए। इनके साथ तालमेल कर ठोस कार्ययोजना बनाई जाए। शाम को छह से रात नौ बजे तक पुलिस सड़क पर उतरे और चेकिंग करे। खासकर नशे में वाहन चलाने वालों को नहीं बख्शा जाए। पहाड़ी जिलों में सीओ, एसओ, चौकी प्रभारी दो और मैदानी में चार स्कूलों में जाकर यातायात नियमों की जानकारी दें। जिन बारातघरों में पार्किंग न हो उन्हें नोटिस भेजे जाएं। उन्होंने आगामी होली, कांवड़ पर्व, बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर सभी जिलों में पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था के लिए स्टाफ की मांग तैयार करने को कहा है। चेन स्नेचिंग, लूट, चोरी जैसी वारदातों को रोकने के लिए निजी व सरकारी सीसीटीवी का रिकार्ड रखने को कहा है।