हल्द्वानी। हीरानगर में रविवार देर रात चाय विक्रेता मनोज कश्यप की हत्या में उसके बुआ के बेटे की ओर ही शक की सुई घूम रही है। रात साढ़े दस बजे उसकी घर में आवाजाही के फुटेज मिलने और मनोज के बड़े भाई की तहरीर पर पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस उसकी तलाश में बरेली भी गई मगर वह घर पर नहीं मिला। पुलिस की जांच में आया है कि नल बाजार की संपत्ति को लेकर बुआ के परिवार से मुकदमा चल रहा है।
वार्ड 17 निवासी 23 वर्षीय मनोज की रविवार देर रात गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। मनोज के बड़े भाई नरेश कश्यप ने पुलिस को बताया कि उनके साथ छोटे भाई उमेश, दिनेश और आकाश कश्यप नल बाजार स्थित दुकान चलाते हैं। आधी रात में आकाश और उमेश कश्यप खाना बनाने के लिए घर गए थे। घर पहुंचने पर देखा कि मुख्य दरवाजा दरवाजा खुला था। अंदर मनोज बेसुध पड़ा था। सांसें न चलने पर दोनों ने इसके सूचना नरेश को दी। उसकी गर्दन में रस्सी पड़ी थी। नरेश के अनुसार दो दिन पहले उनके घर बुआ का बेटा बरेली के इज्जतनगर निवासी आशीष टनकपुर के रहने वाले अपने दोस्त के साथ आया था। दोनों रविवार शाम को चले गए थे। इधर, हत्या के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज चेक किए तो पता चला कि आशीष रविवार रात साढ़े दस बजे कमरे में आया था। फुटेज में वह आते और जाते हुए दिखाई दे रहा था। सीओ दिनेश चंद्र ढौंडियाल के निर्देश पर पुुलिस की एक टीम बरेली जिले के इज्जतनगर गई थी लेकिन वह वहां नहीं मिला। मनोज के बड़े भाई उमेश की तहरीर पर पुलिस ने आशीष के खिलाफ धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, रात साढ़े दस बजे की फुटेज में दिखी उसकी आवाजाही
दो दिन पहले दोस्त को लेकर घर आया था, तलाश में बरेली भी गई पुलिस टीम
पांचों भाई अविवाहित, हीरानगर में खुद का मकान
हल्द्वानी। अब तक किसी भी भाई की शादी नहीं हुई है। हीरानगर में उनका खुद का मकान है। उमेश ने बताया कि मनोज बीटेक कर चुका था। इसके बाद भी वह दुकान में हाथ बंटाता था।
आरोपी को पकड़ने की कोशिश चल रही है। वह किसी भी हाल में बच नहीं पाएगा। प्रारंभिक जांच में घटना का कारण प्रापर्टी विवाद सामने आ रहा है।
अमित श्रीवास्तव, एसपी सिटी