बेटी को रेलवे बोगी के टॉयलेट में छोड़ दिया
- फोटो : अमर उजाला
रामनगर। जहां एक ओर नवरात्र पर लोग कन्या पूजन कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जो पांच माह की बेटी को रेलवे बोगी के शौचालय में छोड़ गए। मुरादाबाद से चली यह ट्रेन बृहस्पतिवार रात 8:30 बजे रामनगर स्टेशन पहुंची। वहां रेलवे बोगी की सफाई के दौरान स्वच्छक शौचालय में पहुंचा तो उसने बच्ची के रोने की आवाज सुनी। वह बच्ची को स्टेशन मास्टर के कार्यालय पर लाया। जहां उसकी पहचान कराने की कोशिश की गई तो किसी ने भी उसे नहीं पहचाना। जीआरपी के जवानों ने आधी रात 11:45 बजे रामदत्त जोशी राजकीय संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। फिजीशियन डॉ. जितेंद्र भट्ट ने बच्ची का स्वास्थ्य परीक्षण किया तो वह स्वस्थ मिली। इसलिए उसे वार्ड में भेज दिया गया। जहां नर्स उत्सुकतावश उसकी विशेष देखभाल कर रही हैं। नवरात्र के मद्देनजर उसे देवी मानकर कई लोग उसकी सेवा करने लगे। इसी बीच कुछ लोग उसे गोद लेने के लिए भी कहने लगे हैं।