भीमताल (नैनीताल)। मेहरागांव स्थित होटल में माली का काम करने वाली महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। उसका शव माउंट एलवन के पास झील किनारे मिला। शव के झील किनारे दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। उसकी शिनाख्त मुन्नी देवी (55) पत्नी बच्ची राम निवासी कला डूंगरा, जैंती अल्मोड़ा के रूप में हुई।
एसआई त्रिलोचन जोशी ने बताया कि मुन्नी मेहरागांव स्थित मैपल होटल में चार माह से माली का काम करती थी। वह अल्मोड़ा निवासी गणेश राम के साथ चौड़िया गांव के एक घर में किराए पर रहती थी। गणेश अमोद होटल में सालभर से हाउसकीपिंग करता था। होटल कर्मियों के मुताबिक दोनों एक मार्च से होटल में काम करने नहीं आ रहे थे। होटल कर्मियों ने रविवार सुबह मुन्नी को गणेश के साथ देखा था। रविवार शाम 6:30 बजे उसका शव झील किनारे मिला। झील के किनारे से पुलिस को महिला के जूते, फोन, कपड़े भी मिले हैं। एसआई जोशी ने झील में डूबने से मृत्यु की आशंका जताई। पुलिस मुन्नी के परिजनों समेत गणेश को भी तलाश रही है। महिला एसआई दीपिका नेगी मामले की जांच कर रही हैं। दीपिका ने बताया कि मुन्नी के मोबाइल में सिर्फ तीन फोन नंबर सेव हैं लेकिन इनमें से किसी से संपर्क नहीं हो सका है। भीमताल झील में लगातार डूबने से मरने वालों की संख्या हर वर्ष बढ़ती जा रही है। पिछले तीन सालों में झील में डूबने से मौत हो रही है। एक माह पहले ही झील से भवाली निवासी सुमित्रा देवी (माता जी) की भी कैंचुली देवी मंदिर में डूबने से मौत हो गई थी। इसके बावजूद झील किनारे पुलिस द्वारा जल पुलिस की तैनाती नहीं की जा सकी है, जिसके लिए स्थानीय लोगों में पुलिस-प्रशासन के प्रति नाराजगी है।
मेहरागांव स्थित होटल में माली का काम करती थी महिला
पुलिस ने पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा