बेतालघाट (नैनीताल)। फफड़िया गांव निवासी हीरा देवी (37) की हत्या उसी के पति लच्छी राम ने खरीक खत्ते से दो किलोमीटर दूर जंगल में सिर पर पत्थर से वार करके की थी। हत्याकांड का खुलासा करते हुए राजस्व पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर सीजीएम कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया।
फफड़िया गांव निवासी हीरा देवी पति से विवाद होने के बाद अपने सास-ससुर, बच्चों और मवेशियों के साथ पिछले कुछ माह से गांव से लगभग 12 किलोमीटर दूर खरीक नामक खत्ते में रह रही थी। उसका पति लच्छी राम गांव में अकेले रह रहा था। इसी माह 7 जुलाई को हीरा देवी मवेशियों को चराने के लिए खत्ते से दो किलोमीटर दूर जंगल में गई थी और तभी से लापता थी। 20 जुलाई को राजस्व पुलिस ने जंगल से उसका कंकालनुमा शव बरामद किया था। उसकी शिनाख्त परिजनों ने उसके कपड़ों से की थी। मामले में मृतका के भाई ने राजस्व पुलिस को महिला के पति लच्छी राम पर हीरा देवी के साथ आए दिन मारपीट करने का आरोप लगाया था।
जांच के दौरान पट्टी पटवारी राजेंद्र आर्या और भुवन चंद्र जोशी ने मृतका के पति लच्छी राम को शुक्रवार को पूछताछ के लिए पटवारी चौकी बुलाया। जब राजस्व पुलिस ने लच्छी राम से सख्ती से पूछताछ की तो उसने कबूल कर लिया कि उसी ने अपनी पत्नी की हत्या की है।
पत्नी की हत्या कर रामनगर भाग गया था
हत्यारोपी लच्छी राम ने राजस्व पुलिस को बताया कि बीती 7 जुलाई को वह फफड़िया गांव से खरीक खत्ते में गया था। सात जुलाई की सुबह जब हीरा देवी मवेशियों को लेकर जंगल की ओर गई तो वह भी उसके पीछे जंगल में चला गया। जंगल में पति पत्नी के बीच घरेलू कलह को लेकर झगड़ा हो गया। गुस्से में आकर लच्छी राम ने हीरा देवी के सिर पर पत्थर से वार कर दिया। इससे हीरा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी ने बताया कि पत्नी की हत्या करने के बाद वह रामनगर भाग गया और कुछ दिन रामनगर में रहा। मामला शांत होते देख वह वापस फफड़िया गांव लौट आ गया। हत्या की बात कबूलने के बाद राजस्व पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और सीजीएम कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के निर्देश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया। हीरा देवी के चार बच्चे हैं जिनमें से एक लड़की का विवाह हो चुका है जबकि तीन लड़के अब अपने दादा दादी के साथ खत्ते में रह रहे हैं।