हल्द्वानी। जजी के सामने रोडवेज बस से स्कूटी को ठोकर लगने पर सोमवार शाम बवाल हो गया। गणेश प्रतिमा विसर्जन में आए समर्थकों ने बस से चालक को खींचकर पीट दिया। बस में तोड़फोड़ करने के बाद हमलावर मौके से भाग निकले। पुलिस इस मामले में मुकदमा दर्ज कर बवाल करने वालों की तलाश कर रही है।
रोडवेज बस चालक हरविंदर सिंह और परिचालक नरेंद्र अधिकारी बरेली रूट की बस (यूके 07पीए 1393) से सोमवार शाम स्टाफ को लेकर काठगोदाम जा रहे थे। जजी के सामने बस से एक स्कूटी को ठोकर लग गई। स्कूटी सवार प्रतिमा विसर्जन में आए थे। स्कूटी सवार के समर्थकों ने चालक को बस से खींचकर उसकी पिटाई कर दी। गुस्साए युवकों ने बस में तोड़फोड़ की तो स्टाफ के लोग भी भाग खड़े हुए। बस के शीशे चकनाचूर हो गए। चालक भी हमलावरों के चंगुल से किसी तरह छूटकर भाग निकला। कोतवाल विक्रम सिंह राठौर और चौकी प्रभारी प्रताप सिंह नगरकोटी मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुकानदारों से पूछताछ की। इस मामले में चालक हरविंदर सिंहने अज्ञात लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की तलाश के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।