हल्द्वानी। एसएसपी ने पर्यटकों के आवागमन को देखते हुए विभिन्न मार्गों पर डायवर्जन लागू तो कर दिया मगर उसे शहर में लागू ही नहीं किया जा सका। सिर्फ बरेली रोड पर ही इसका असर दिखा है।
आईजी रेंज के निर्देश पर एसएसपी जन्मेजय खंडूरी ने 31 मार्च की रात निर्देश दिए थे कि कालाढूंगी मार्ग के वाहन पहाड़ जाने के लिए बाईपास मार्ग का प्रयोग करेंगे। एक अप्रैल को एसएसपी के निरीक्षण के चलते डायवर्जन सही चलाया गया। अगले दिन रामपुर रोड और कालाढूंगी रोड से फोर्स गायब हो गई। हवाला दिया गया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के चलते फोर्स नहीं लगाई गई। बृहस्पतिवार को भी वाहनों का डायवर्जन बरेली रोड तक सिमटा रहा। रामपुर रोड और कालाढूंगी रोड के वाहन मनमाने ढंग से शहर से होकर चलते रहे। इसी कारण कई बार शहर में जाम लग गया था। यातायात निरीक्षण महेश चंद्रा ने स्वीकार किया कि फोर्स की कमी के चलते एक रोड पर फोकस किया गया है।
ये था प्लान
-रामपुर मार्ग के वाहन मुखानी चौराहे से होकर पनचक्की तिराहा, कालटैक्स होकर पहाड़ जाएंगे।
- बरेली रोड के वाहन तीनपानी बाईपास से गौलापार काठगोदाम होते हुए पड़ाव की तरफ जाएंगे।