हल्द्वानी। हीरानगर में क्रियाशाला रोड पर सड़क किनारे सोमवार दोपहर स्कूटी का पंक्चर जुड़वा रहे केनरा बैंक के क्लर्क को स्कूटी सवार महिला ने टक्कर मार दी। हादसे में बैंककर्मी की मौत हो गई। पंक्चर बनाने वाला और स्कूटी चला रही महिला भी इस दौरान घायल हो गई।
मूलरूप से लखनऊ के विकासनगर 8/645 निवासी रवि कुमार शर्मा (30) पुत्र सैफरीलाल यहां ऊंचापुल पीलीकोठी में परिवार सहित किराए के मकान में रहते थे। वह केनरा बैंक की मुखानी शाखा में क्लर्क थे। सोमवार की दोपहर स्कूटी से बैंक के ही लिपिक चेतन चौहान के साथ विभागीय कार्य से एक व्यक्ति के घर जा रहे थे। हीरानगर में क्रियाशाला के पास उनकी स्कूटी का टायर पंक्चर हो गया। वह उमेश चंद्र सक्सेना की दुकान में पंक्चर जुड़वा रहे थे, इसी बीच तेज गति से आ रही स्कूटी सवार महिला ने रवि शर्मा और उमेश चंद्र को टक्कर मार दी। स्कूटी सवार महिला भी गिरकर घायल हो गई। मौके पर मौजूद लोग बैंक कर्मी को सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घायल उमेश चंद्र सक्सेना और स्कूटी चला रही रेनू परवाल (30) निवासी प्रेमपुर लोश्ज्ञानी को भी सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेनू स्कूल से बच्चे को लेने के लिए जा रही थी।
स्कूटी की टक्कर से केनरा बैंक के क्लर्क की मौत
हीरानगर में सड़क किनारे पंक्चर जुड़ा रहे थे, तेज रफ्तार स्कूटी सवार महिला ने मारी टक्कर
पंक्चर बनाने वाला और स्कूटी चला रही महिला भी घायल
टक्कर लगने पर बैंककर्मी उछलकर गिरा था
हल्द्वानी। गन्ना जूस की दुकान पर बैठे प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्कूटी से टक्कर लगने पर रवि कुमार शर्मा उछलकर गिरे थे। इसी कारण उसके सिर में चोट आई। खून काफी बहने के कारण उनकी मौत हो गई।
पीछे से मारी पता नहीं चला
हल्द्वानी। पंक्चर बनाने वाले उमेश चंद्र सक्सेना ने बताया कि उनकी पीठ पर तेजी से टक्कर मारी गई, इस कारण उन्हें संभलने का मौका ही नहीं मिला। उसका का दाहिना हाथ नहीं उठ रहा है। सीने में भी काफी दर्द है।
छह महीने पहले हुए थे जुड़वा बच्चे
हल्द्वानी। हीरानगर चौकी प्रभारी विनय मित्तल के अनुसार रवि कुमार शर्मा की पत्नी लता शर्मा ने छह महीने पहले ही जुड़वा बच्चों को जन्म दिया था। हादसे के बाद बैंककर्मी उनकी पत्नी को बताने की हिम्मत नहीं कर रहे थे। एसटीएच में आए केनरा बैंक के मंडल प्रबंधक बीके गोयल ने बताया कि रवि यहां डेढ़ साल से कार्यरत थे। वह काफी मेहनती थे।
पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल
हल्द्वानी। हादसे की जानकारी मिलने पर पत्नी लता का रो रोकर बुरा हाल हो गया है। ऊंचापुल में पड़ोस के लोगों की भी भीड़ इकट्ठा हो गई थी। लता का मायका नैनीताल में है। मायके के लोग भी वहां पहुंच गए थे।