हल्द्वानी। आरक्षण के विरोध में भारत बंद के आह्वान को लेकर आईजी ने रेंज के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को अलर्ट कर दिया है। हिदायत दी गई है कि पुलिस को हर हाल में बवाल रोकना होगा। किसी को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
आईजी रेंज पूरन सिंह रावत ने बताया कि 10 अप्रैल को बंद के आह्वान के मद्देनजर हर सर्किल को सेक्टर और थानों को दो या तीन सब सेक्टरों में बांटा गया है। संवेदनशील स्थानों पर स्थायी पुलिस पिकेट लगाई जाएगी। सेक्टर में जिला प्रशासन की तरफ से मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे। ऊधमसिंहनगर को दो कंपनी, नैनीताल जिले को एक कंपनी, चंपावत को एक, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा को दो-दो प्लाटून पीएसी मुहैया कराई गई है।
ये रहेगी व्यवस्था
- रात आठ बजे से ही फोर्स अपने अपने स्थानों पर तैनात रहेगी।
- सुरक्षा के लिए जवानों को हेलमेट, डंडा, बाडी प्रोटेक्टर अपने साथ रखना होगा।
- जिला पुलिस आवश्यकता के अनुसार फायर टेंडर, टीयर गैस की टीम तैनात करेगी।
- पुलिस हर दो घंटे पर आईजी रेंज के कार्यालय को स्थिति से अवगत कराएगी।
- स्थानीय खुफिया विभाग बंद का समर्थन करने वालों के बारे जानकारी इकट्ठा करेगी।