हल्द्वानी। लोगों को पर्याप्त गैस नहीं मिल रही है। इसका अवैध कारोबार करने वालों को पुलिस और प्रशासन का जरा भी खौफ नहीं है। दो दिन पहले ऑटोमोबाइल की दुकान पर गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पकड़ी थी। पुलिस ने अब लाल स्कूल के पास एक सिलेंडरों का खेल पकड़ा है। मौके से पांच घरेलू गैस सिलेंडर, इलेक्ट्रानिक कांटा, फुटपंप सहित अन्य सामान बरामद किया गया। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बनभूलपुरा थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत ने लाल स्कूल के पीछे जैनुल आबदीन के घर पर बृहस्पतिवार की सुबह छापा मार दिया। पुलिस की सूचना पर आपूर्ति विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। आपूर्ति विभाग के साथ पुलिस ने मौके से माल बरामद करने के बाद आरोपी जैनुल आबदीन के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ से पता चला कि वह घर में अवैध ढंग से गैस की रिफलिंग कर रहा था।
बनभूलपुरा में लाल स्कूल के पास चल रही थी रीफलिंग, एक गिरफ्तार
पांच घरेलू गैस सिलेंडर, इलेक्ट्रानिक कांटा और फुटपंप बरामद