हल्द्वानी। हाथ में तमंचा लेकर खुलेआम घूम रहे नशेड़ी की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर उससे तमंचा बरामद कर लिया है। मंगलवार दोपहर सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हुई। तस्वीर में एक युवक खुलेआम हाथ में तमंचा लेकर घूम रहा था। बताया गया कि युवक कुसुमखेड़ा के पास आरटीओ रोड पर राहगीरों के साथ गालीगलौज व जान से मारने की धमकी भी दे रहा है। इसकी सूचना किसी ने पुलिस को दी। इस पर मुखानी थाना पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और युवक की तलाश शुरू कर दी। शाम को पुलिस ने आरोपी ऋषि भंडारी निवासी गैस गोदाम रोड मुखानी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक 315 बोर तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए। एसओ मुखानी कमाल हासन ने बताया कि युवक के खिलाफ आर्म्स एक्ट में केस दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है।