हल्द्वानी। हर साल की तरह इस बार भी सड़क सुरक्षा सप्ताह शुरू हो गया है मगर प्रशासन के पास कोई प्लान नहीं है। नैनीताल रोड पर अधिकतर हादसे तेज रफ्तार और ब्लैक स्पॉट के चलते होते हैं लेकिन लोक निर्माण विभाग ने रानीबाग तक एक स्थान पर भी गति सीमा का बोर्ड नहीं लगाया है। यहीं हालत अन्य मार्गों की भी है।
पिछले साल नैनीताल जिले में 199 हादसों में रिपोर्ट दर्ज हुई हैं। इन हादसों में 110 लोगों की मौत हुई थी और 170 लोग घायल हो गए थे। यातायात विभाग और सीपीयू का दावा है कि पहले ही ब्लैक स्पॉट को चिन्हित कर विभागों को अवगत कराया था। फिर भी ब्लैक स्पॉट से निबटने के लिए जिला प्रशासन ने भी कोई ठोस प्रयास नहीं किया।
सिर्फ नाम का सड़क सुरक्षा सप्ताह, काम कुछ नहीं
लोक निर्माण विभाग ने नहीं लगाए मार्गों पर गति सीमा के बोर्ड, ब्लैक स्पॉट से निबटने की तैयारी नहीं
पुलिस द्वारा निर्धारित ब्लैक स्पॉट
नैनीताल रोड : गुलाबघाटी से पहले पुलिया के पास, नारीमन तिराहा, सेंट थेरेसा स्कूल के पास, डिग्री कालेज तिराहा
रामपुर रोड : आईटीआई तिराहा, एसटीएच के पास, टीपीनगर बाईपास तिराहा, बेलबाबा मंदिर के पास, एस मोड़ टांडा जंगल,
कालाढूंगी रोड : अर्बन बैंक तिराहा, मुखानी चौराहा, गैस गोदाम रोड तिराहा, भाखड़ा पुल, कमलुआगांजा तिराहा
बरेली रोड : मोतीनगर के पास, तीनपानी बाईपास तिराहा, तीनपानी तिराहा, मंडी चौकी तिराहा, मोटा हल्दू गैस प्लांट के पास,
चोरगलिया रोड : कुंवरपुर तिराहा, खेड़ा तिराहा, सूर्यानाला के पास, दानीबंगर
शहर में जाम के स्थल
कालाढूंगी चौराहा, सिटी चौराहा, हिंदू धर्मशाला तिराहा, नानक स्वीट्स के पास
जुर्माना दे रहे हैं सुधर नहीं रहे
सीपीयू के आने के बाद बाइक सवार लोगों ने हेलमेट पहनना शुरू किया लेकिन कुछ लोग हेलमेट पहनने से अब भी बच रहे हैं। सीपीयू प्रभारी हरकेश सिंह ने बताया कि पिछले साल 66 लाख 15 हजार 650 रुपये जुर्माना वसूला गया था। शहर में 57 हजार 827 वाहनों का चालान किया गया। 1993 वाहन जब्त भी किए गए थे।