नैनीताल। लेक ब्रिज टोल पर कार्यरत टोल कर्मी ने एसएसपी कार्यालय में शिकायती पत्र सौंपा कर एक पुलिसकर्मी पर फायरिंग करने एवं जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। टोलकर्मी का कहना है कि उसके पास पुलिसकर्मी द्वारा फायरिंग का वीडियो फुटेज भी है। एसएसपी ने मामले की जांच सीओ विजय थापा को सौंप दी है।
तल्लीताल लेक ब्रिज टोल टैक्स पर कार्य करने वाले कर्मी नंदन सिंह का आरोप है कि 28 जनवरी की देर रात वह टोल पर ड्यूटी कर रहा था। बताया कि तभी एक कार पर पुलिस कर्मी समेत तीन लोग वहां पहुंचे। तीनों ने कार का शीशा खोला और टोल कर्मी जगदीश सिंह कन्याल के बारे में पूछने लगे, जिस पर उसने जगदीश के वहां नहीं होने की बात कही। नंदन का आरोप है कि यह सुनकर कार सवार पुलिसकर्मी ने उस पर फायर झोंक दिया, जिससे वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद कार सवार तीनों लोग वहां से फरार हो गए। नंदन ने बताया कि बाद में पुलिस कर्मी ने उसके मोबाइल पर फोन कर इस घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। एसएसपी सुनील कुमार मीणा ने बताया कि ऐसे मामले का प्रार्थनापत्र उनके पास आया है, लेकिन पुलिसकर्मी ने फायरिंग की, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। फिलहाल जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
सिपाही पर फायरिंग कर धमकी देने का आरोप
टोल टैक्स कर्मी ने एसएसपी कार्यालय में दिया शिकायती पत्र