हल्द्वानी। संजय कालोनी आवास विकास निवासी कमला बिष्ट के खाते से जालसाजों ने 40 हजार रुपये निकाल लिए। उनके फोन पर न मैसेज आया न ही किसी ने फोन किया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
कमला बिष्ट ने पुलिस को बताया कि उसका बचत खाता स्टेट बैंक की टेढ़ी पुलिया शाखा में है। छानबीन के दौरान बैंककर्मियों ने बताया कि 20 हजार रुपये मेरठ से निकाला गया है और 20 हजार रुपये एक महिला के खाते में स्थानांतरित किए गए हैं। हालांकि जिस महिला के खाते में पैसे स्थानांतरित हुए हैं उसने कमला को फोन किया था। 40 हजार निकाले जाने के बाद कमला ने एटीएम कार्ड बंद कराया है। कोतवाल विक्रम सिंह राठौर ने बताया कि यह घटना काठगोदाम थाना क्षेत्र की है। इस मामले में जांच के लिए काठगोदाम पुलिस को प्रार्थनापत्र भेजा जाएगा। महिला खाते से पैसा गायब होने पर बैंककर्मियों को जिम्मेदार ठहरा रही है।
फोन न मैसेज, खाते से उड़ गए 40 हजार
आवास विकास की महिला के खाते में लगाई सेंध
एटीएम की क्लोनिंग तो नहीं हो रही
हल्द्वानी। पुलिस का मानना है कि जालसाज एटीएम कार्ड का क्लोन तैयार करने के लिए स्पाई कैमरे का इस्तेमाल करते हैं। आम लोगों को एटीएम मशीन के ऊपर हाथ रखकर ही चार डिजिट का नंबर डायल करना चाहिए। अभी तक पुलिस के पास 14 से अधिक शिकायतें आ चुकी हैं। पहले ओटीपी या एटीएम के पीछे से नंबर को जॉलसाज काल या मैसेज कर पूछते थे लेकिन अब ऐसा नहीं हो रहा है। कोतवाल विक्रम सिंह राठौर का कहना है कि इस प्रकार के मामले लगातार आ रहे है। अभी तक जालसाज गिरोह के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है। आशंका है कि झारखंड के जामतारा गिरोह इस प्रकार से बैंक जालसाजी का काम करते हैं।