हल्द्वानी। रेलवे की सीआईबी (क्राइम इंटेलीजेंस ब्रांच) और आरपीएफ की टीम ने बुधवार को रेल टिकटों के अवैध कारोबार के आरोपी को धर दबोचा। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार युवक ने अवैध कारोबार का खुलासा किया है। आरपीएफ एक अन्य आरोपी की तलाश कर रही है।
आरपीएफ काठगोदाम के थाना प्रभारी निरीक्षक रणदीप कुमार ने बताया कि गोपनीय सूचना पर विभागीय टीम ने कारखाना बाजार स्थित ग्लोबल होलीडेज ओम कंप्यूटर की दुकान में छापा मारा। यहां कंप्यूटर सिस्टम को चेक करने पर पर्सनल आईडी पर सात आरक्षित ई-टिकट के साथ दीपक कुमार गुप्ता (32) को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए टिकटों की कीमत 13,363 रुपए पाई गई, जिन सभी पर आगामी दिनों में यात्रा होनी थी। पूछताछ के दौरान आरोपी दीपक ने बताया कि टिकटों के अवैध व्यापार के लिए उसने 13 पर्सनल आईडी बनाई हैं। वह तीन सालों से आरोपी यह कारोबार कर रहा है। इस कारोबार में उसका साथी भीमताल निवासी मोहन बोरा भी शामिल है। आरपीएफ टीम ने अभियुक्त दीपक कुमार को रेल अधिनियम की धारा 143 के तहत गिरफ्तार किया है। आरपीएफ अन्य फरार अभियुक्त की तलाश कर रही है। गिरफ्तारी टीम में मयंक चौधरी, उपनिरीक्षक कृष्ण जोशी, राम नरेश, सहायक उपनिरीक्षक बृजमोहन शर्मा आदि थे।
रेलवे टिकट के अवैध कारोबार में एक गिरफ्तार
एक अन्य आरोपी की तलाश