हल्द्वानी। जमरानी क्षेत्र से अवैध खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। 10 दिन पहले बड़ी कार्रवाई के बाद यहां दोबारा अवैध खनन शुरू हो गया है। प्रशासन ने तीन खनन पट्टों पर छापा मारकर अवैध खनन में 48.49 का जुर्माना लगाया है।
शुक्रवार को सिटी मजिस्ट्रेट पंकज उपाध्याय और उपनिदेशक खनन राजपाल लेघा के नेतृत्व में खान विभाग की टीम ने जमरानी खनन क्षेत्र में छापे मारे। सबसे पहले टीम कुमाऊं मंडल विकास निगम के भोर्सा क्षेत्र के पट्टे में पहुंची। यहां तय खनन क्षेत्र के बाहर 2353 घनमीटर अवैध खनन पाया गया। इस पर टीम ने 24.05 लाख की पेनाल्टी लगाई। इसके बाद टीम कुमाऊं मंडल के अमिया खनन पट्टे में पहुंची। यहां भी पट्टे की सीमा से बाहर 1176 घनमीटर अवैध खनन किया गया था। इस पर टीम ने 12.99 लाख का जुर्माना लगाया। अंत में टीम रौसिल क्षेत्र में देवभूमि स्टोन कंपनी के खनन पट्टे में पहुंची। यहां 1011 घनमीटर अवैध खनन पाया गया। इस पर टीम ने 11.45 लाख रुपये का जुर्माना लगाते हुए रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी है। खान विभाग की कार्रवाई से जमरानी क्षेत्र में खलबली मची रही। उपनिदेशक खनन राजपाल लेघा ने बताया कि पट्टे धारकों की ओर से सीमा के बाहर अवैध खनन किया जा रहा था।