रामनगर (नैनीताल)। कॉर्बेट नेशनल पार्क के झिरना रेंज में आक्रामक हाथी को देखकर जंगल में उतरे चालक, गाइड पर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) प्रशासन ने प्रतिबंध लगा दिया है। इसके तहत अगले आदेश तक उनके झिरना में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। इसके विरोध में गाइडों, चालकों ने सीटीआर के निदेशक का घेराव किया।
झिरना रेंज के कोठीरौ रोड पर ग्रासलैंड में शनिवार को टस्कर हमलावर हो गया था। उसने शाम की पाली में घूमने पहुंचे पर्यटकों की जिप्सी पलटने का प्रयास किया था। इससे सहमे कुछ लोग जिप्सी से उतर गए थे जबकि सीटीआर में उतरने की अनुमति नहीं है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। झिरना के रेंजर प्रशांत हिंदवान की रिपोर्ट के आधार पर सीटीआर प्रशासन ने चालक, गाइड के झिरना रेंज में जाने पर रोक लगा दी। इसके विरोध में चालक, गाइड सोमवार को ब्लॉक प्रमुख संजय नेगी के नेतृत्व में सीटीआर के निदेशक राहुल से मिले और प्रतिबंध हटाने की मांग की। निदेशक ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। रोक हटाने की मांग पर विचार किया जाएगा। फिलहाल गाइड, चालक पर रोक बरकरार रहेगी।
चालक, गाइड की नो एंट्री
विरोध में सीटीआर के निदेशक से मिले गाइड, चालक