हल्द्वानी। देवलचौड़ बंदोबस्ती में रविवार को एक युवक ने पंखे से फांसी लगा ली। परिजनों ने उसे एसटीएच पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस घटना का कारण नशा और आपसी कलह मान रही है। पहले भी उसने हाथ की नस काटकर आत्महत्या का प्रयास किया था।
देवलचौड़ बंदोबस्ती निवासी दीपक आर्या (19) ने रविवार शाम बाजार से घर आया और कमरे में जाकर पंखे से फांसी लगा ली। घटना के समय घर में उसकी मां और ममेरी बहन मौजूद थी। दीपक की ममेरी बहन मोनिका जब कमरे में गई तो भाई की गर्दन पंखे से लटकती देखकर सन्न रह गई। उसने फांसी के लिए दुपट्टे का फंदा बनाया था। बहन के चीखने पर मां ममता आर्या मौके पर पहुंची। पड़ोसियों की मदद से युवक को फंदे से उतारकर एसटीएच पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने देखने के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। मेडिकल चौकी पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की। परिजनों ने बताया कि दीपक के पिता प्रेम आर्या की मौत हो चुकी है। दो भाइयों में वह छोटा था। नशे की लत के चलते परिवार के लोग उससे काफी परेशान रहते थे। नशे के लिए पैसा नहीं मिलने पर उसने पिछले साल हाथ की नस काट ली थी। पड़ोस के लोगों ने भी पुलिस को बताया कि नशे के लिए दीपक काफी परेशान रहता था।