हल्द्वानी। देवभूमि युवा उद्योग व्यापार मंडल ने व्यवसायी सौरभ कौशल के घर हुई डकैती की निंदा की है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि शहर के बीचोंबीच में हुई इस वारदात ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष सुमित हृदयेश ने वारदात के खुलासे की मांग पुलिस अधिकारियों से की है।
व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष जीवन सिंह कार्की ने कहा कि रामपुर बेड़ा पोखरा में कोचिंग संचालक भुवन चंद्र भट्ट के घर डकैती के दौरान हुआ जानलेवा हमला और उनकी पत्नी राधा की हत्या का पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। इसके बाद प्रगति विहार कॉलोनी में व्यवसायी के घर डकैती ने पुलिस की कार्यक्षमता की पोल खोलकर रख दी है। पुलिस की लापरवाही का नतीजा ही डकैती की वारदात होना ही है। महामंत्री दीपक पाठक ने कहा कि यदि पुलिस सौरभ कौशल के घर हुई डकैती का जल्द खुलासा नहीं करती है तो व्यवसायी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। उपाध्यक्ष नीरज प्रभात गर्ग ने चेताया कि यदि ठोस कार्रवाई न हुई तो व्यवसायियों को बाजार बंद का निर्णय लेना होगा। बैठक में संरक्षक ऊर्बादत्त जोशी, भुवन चंद्र तिवारी, अवध बिहारी शर्मा, सज्जाद अली, भूपाल, रोहित पांडे, नवीन वर्मा, कमल मेहरा, गोपाल देवलिया, कुंदन बिष्ट आदि मौजूद थे।