हल्द्वानी। स्मैक के पैसे के लेनदेन के विवाद को लेकर इंद्रानगर छोटी रोड पर रविवार की देर रात बखेड़ा हो गया। दो पक्ष भिड़े तो एक व्यक्ति ने गोली चलाने के लिए पिस्टल निकाल दी। शुक्र रहा कि गोली पिस्टल में फंस गई और लोगों ने उसे घेर लिया। पुलिस ने मौके से एक कारतूस बरामद किया है। मुकदमा दर्ज कर एक को हिरासत में लिया गया है।
छोटी रोड इंद्रानगर ठोकर निवासी अजीमुशान ने गांधीनगर निवासी ऋषि से 14 हजार रुपये उधार लिए थे। दस रुपये लौटा दिए गए थे। आरोप है कि शेष राशि के लिए ऋषि और बिट्टू रविवार रात छोटी रोड पर आए। उन्होंने पैसा नहीं देने पर अजीमुशान को पीटना शुरू किया। बचाव में अजीमुशान का फुफेरा भाई रियासत आया। आरोप है कि इस बीच बिट्टू ने रियासत को मारने के लिए पिस्टल निकाल ली। रियासत की पत्नी मेहनाज ने हस्तक्षेप किया मगर असलहाधारी ने पिस्टल निकालकर चार्ज करना शुरू किया। इस बीच कारतूस फंस और दूसरी बार चार्ज करने पर गिर गई। इस बीच मोहल्ले के लोगों ने उसे घेर लिया। फंसने पर दोनों हमलावर मौके से भाग निकले। घटना की सूचना मिलने के बाद बनभूलपुरा की पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत ने बताया कि इस मामले में मारपीट का मुकदमा दर्ज कर कर लिया गया है। आरोपी ऋषि हिरासत में है। बिट्टू के पकड़े जाने पर ही असलहा की बरामदगी होगी और धारा बढ़ेगी।
इंद्रानगर में देर रात स्मैक के लेनदेन को लेकर विवाद, फायरिंग की कोशिश
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक को हिरासत में लिया
घटना के बाद वादी को जान से मारने की धमकी
हल्द्वानी। मुकदमा दर्ज कराने वाली मेहनाज ने आरोप लगाया कि रात दो बजकर 55 मिनट पर फरार बिट्टू ने फोन कर उसके पति को जान से मारने की धमकी दी। उसने कहा कि रियासत को घर में घुसकर मारेगा। इस पर मेहनाज ने कहा कि पति और पत्नी दोनों को मार देना लेकिन मुकदमा वापस नहीं लेगी। घटना के बाद पुलिस मुकदमा दर्ज नहीं करना चाहती थी लेकिन मोहल्ले के दबाव बनाने पर मुकदमा दर्ज हुआ। यदि मोहल्ले के लोग आगे नहीं आते तो रियायत की जान जा सकती थी।
स्मैक और सट्टेबाजी के हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार मेहनाज और उसके पति को पहले स्मैक बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया था। दूसरे पक्ष का आरोपी ऋषि सट्टेबाजी में पकड़ा गया था। आरोप है कि ऋषि सट्टेबाजी के अलावा नशे का कारोबार करता है। बिट्टू उसका साथ देता है। ऋषि ने स्मैक खरीदने और बेचने के लिए पैसा दिया था।