हल्द्वानी। रामपुर रोड सरगम सिनेमा के पास अंग्रेजी शराब की दुकान के शटर का ताला तोड़कर चोरों ने सवा लाख रुपये उड़ा दिए। सुबह सीसीटीवी फु टेज की जांच के दौरान एक नकाबपोश का चेहरा सामने आया है। कोतवाली पुलिस मौके से संबल और अन्य सामान बरामद कर चोरों की तलाश में जुट गई है।
मुखानी निवासी संतोष बगड़वाल की रामपुर रोड स्टैंड के पास अंग्रेजी शराब की दुकान है। शनिवार की रात चोरों ने दुकान के पीछे के शटर का ताला तोड़ दिया। अंदर घुसकर चोरों ने दुकान के गल्ले में रखे सवा लाख रुपये को समेट लिया और चंपत हो गए। सुबह दुकानदार को पड़ोसियों से घटना की जानकारी मिली। दुकानदार ने घटना से कोतवाली पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने मौके मुआयना के दौरान चोरों की संबल सहित अन्य औजार बरामद किया। सीसीटीवी की फुटेज की जांच करने पर पता चला कि तीन बजकर 25 मिनट पर एक चोर दुकान के अंदर घुसा था। उसने अपने चेहरे को ढक लिया था। पुलिस की पूछताछ से पता चला कि दुकान में चार सेल्समैन गोविंद, नीरज, कमल और सुशील काम करते हैं। चारों शनिवार की रात दस बजे दुकान बंद कर घर गए थे। पुलिस फुटेज में आए चोर की पहचान करने में जुट गई है। पिछले महीने भी हीरानगर रोड स्थित देशी शराब की एक दुकान में इसी प्रकार की चोरी हुई थी लेकिन चोरों का पता नहीं चल सका था।