हल्द्वानी। जालसाजों ने एक युवक से उसका एटीएम कार्ड का पिन, पासवर्ड और आधार कार्ड का नंबर पूछकर 40 हजार रुपये निकाल लिया। युवक ने तत्काल बैंक पहुंचकर अपना एटीएम कार्ड बंद कराया तो 14 हजार रुपये बच गए। मोरारजीनगर धानमिल निवासी सौरभ राजपूत ने पुलिस को बताया कि 26 मार्च की सुबह साढ़े दस बजे उसके मोबाइल पर एक कॉल आई। फोन करने वाले को खुद को देना बैंक का अधिकारी बताया। यह कहा कि उसका एटीएम कार्ड ब्लाक होने वाला है। उसने एटीएम कार्ड नंबर और आधार नंबर बताने के लिए कहा। सौरभ ने एटीएम कार्ड के पिन नंबर और आधार कार्ड का नंबर बता दिया। इसके बाद पूछने पर ओटीपी नंबर भी बता दिया। कुछ देर बाद उसके मोबाइल पर 40 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया। शक होने पर युवक तत्काल देना बैंक पहुंचकर अपना एटीएम कार्ड बंद कराया तो खाते में बचे 14 हजार रुपये बच गए। युवक का कहना था कि वह एक फर्म में नौकरी करता है। काफी मेहनत से उसने पैसे जुटाए थे। इस मामले में लिखित शिकायत मिलने पर पुलिस घटना की जांच कर रही है।