रामनगर (नैनीताल)। गर्जिया मंदिर के पास कोसी नदी में अश्लील हरकत करते प्रेमी युगल को लोगों ने पकड़ लिया। युगल की पिटाई होने पर मंदिर समिति ने दोनों को पुलिस को सौंप दिया।
कोतवाली के एसएसआई कश्मीर सिंह ने बताया कि थाना ठाकुरद्वारा जिला मुरादाबाद यूपी निवासी मो. अनवार काशीपुर के एक नर्सिंग होम में वार्डब्वॉय है। काशीपुर की विवाहित नर्स भी उसी अस्पताल में काम करती है। दोनों का प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसलिए दोनों मंगलवार को गर्जिया आए थे। दोनों मंदिर के पास नदी किनारे बैठे थे। तभी वहां पहुंचे कुछ लोगों ने तीर्थस्थल पर अश्लील हरकत करने का आरोप लगाते हुए प्रेमी युगल को पकड़ लिया। भीड़ ने प्रेमी युगल की पिटाई की। लोग उन्हें मंदिर समिति कार्यालय में ले गये। मंदिर समिति ने युगल को गर्जिया चौकी पुलिस को सौंपा। पुलिस ने अनवार का शांतिभंग की आशंका में चालान किया और महिला को परिजनों को सौंप दिया। पिछले साल भी यहां इसी प्रकार की घटना हो चुकी है। तब प्रेमी को बचाने वाले एसआई का वीडियो वायरल हो गया था।
अश्लील हरकत में प्रेमी युगल पकड़ा
गर्जिया मंदिर समिति ने पुलिस को सौंपा युगल