हल्द्वानी। मुुखानी चौराहे पर शनिवार देर रात पुलिस का घेरा तोड़कर कार चालक ने खूब छकाया। अंत में पुलिस ने चालक को घर से पकड़कर कार का चालान किया। कालाढूंगी रोड पर देर रात तेज रफ्तार से आ रही लाल रंग की स्विफ्ट कार को मुखानी चौराहे पर हीरानगर चौकी प्रभारी निर्मल सिंह लटवाल ने रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने कार (यूके04एम1353) की रफ्तार तेज कर दी। कार में दो बुजुर्ग पीछे बैठे थे। पुलिस के द्वारा पीछा करने पर चालक स्टेडियम के पीछे से होकर रोडवेज में कार लेकर घुस गया। इस बीच वायरलेस से सूचना प्रसारित होने पर कोतवाली के उपनिरीक्षक दिनेश चंद्र जोशी और मंगलपड़ाव चौकी प्रभारी अजेंद्र कुमार ने कार का पीछा किया लेकिन चालक रोडवेज परिसर से होकर रेलवे बाजार की ओर निकल गया। बाद में मंगलपड़ाव चौकी प्रभारी ने किदवई नगर स्थित घर के पास कार चालक को पकड़ लिया और कार का चालान कर दिया। थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत ने बताया कि पकड़ा गया चालक अखलाक हुसैन किदवईनगर निवासी है। उसने बताया कि चेकिंग के डर से वह भाग गया था। लेकिन कुछ पुलिसकर्मी चालक के जवाब से संतुष्ट नहीं थे।