हल्द्वानी। खैरना में सड़क हादसे के दौरान घायल युवक की भोटिया पड़ाव स्थित एक निजी चिकित्सालय में उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक के साथी का अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है। अल्मोड़ा जिले के नौला शीतलाखेत निवासी गणेश सिंह (30) पुत्र जीवन सिंह शनिवार शाम अपने दोस्त मुकेश सिंह रौतेला के साथ बाइक द्वारा खैरना से अल्मोड़ा जा रहा था। खैरना के पास पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। दोनों युवक बाइक से गिर पड़े। मुकेश को परिजनों ने एक चिकित्सालय में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायल गणेश सिंह को परिजन लेकर भोटिया पड़ाव स्थित एक निजी चिकित्सालय आए। यहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। युवक के बडे़ भाई महेंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने पिकअप चालक को पकड़ लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सुपुर्द कर दिया।