कालाढूंगी/हल्द्वानी। कालाढूंगी पुलिस ने एलआईयू के एक दरोगा के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया है। दरोगा पिथौरागढ़ जिले में तैनात है। पुलिस इस मामले की विवेचना कर रही है। दरोगा कालाढूंगी क्षेत्र की एक युवती के संपर्क में था। शादी के लिए दोनों के बीच पिछले साल बातचीत भी चल रही थी लेकिन कुंडली न मिलने पर दरोगा के परिवार ने शादी से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर युवती और दरोगा के बीच अनबन हो गई। कुछ लोगों ने इस मामले में समझौता कराने की कोशिश की लेकिन बात नहीं बन सकी। युवती ने कालाढूंगी थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि दरोगा ने शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया है। अब शादी करने से इनकार कर रहा है। कालाढूंगी थानाध्यक्ष शांति कुमार गंगवार ने बताया कि इस मामले में दरोगा के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस दरोगा का नाम उजागर करने से इनकार कर रही है।
एलआईयू दरोगा के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा