हल्द्वानी। अवतार हत्याकांड में कोतवाली पुलिस ने अवतार के भाई सहित तीन लोगों के बयान लिए। तीनों ने बताया कि बहू ने परिवार को धोखा दिया। सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद उन्हें यकीन हो गया है। इस मामले में पुलिस तीसरे आरोपी को अब तक नहीं पकड़ पाई है।
अवतार हत्याकांड की जांच कर रहे विवेचक और कोतवाली थाना प्रभारी विक्रम सिंह राठौर ने अवतार के भाई जगतार सहित तीन लोगों को बयान लिए बुलाया था। तीनों ने बताया कि अवतार के लापता होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने बहू नीलम से पूछताछ की थी, लेकिन उसने बहाना बनाया। सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद पुष्टि हो गई कि अवतार को सलड़ी में मारा गया है। पुलिस ने फुटेज में दिखाया कि मुख्य आरोपी मनीष मिश्रा हत्या करने के लिए पेट्रोल पंप पर अकेले पेट्रोल खरीदने के लिए गया था। इसी आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। इससे पहले पुलिस ने अवतार की बेटी के भी बयान लिए थे। रुद्रपुर स्थित सामिया लेक सिटी निवासी अवतार चौधरी की 16 मई को कार में गला दबाकर हत्या कर दी थी। इसके बाद कातिलों ने शव को सलड़ी स्थित कार में जलाया था। पुलिस ने अवतार की पत्नी नीलम और उसके दोस्त मनीष मिश्रा को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा किया। बताया कि घटना में शामिल जौनपुर जिले के मुगराबादशाहपुर निवासी तीसरा आरोपी अजय सिंह यादव फरार चल रहा है, जिसे पुलिस अब तक नहीं पकड़ पाई है।
अवतार हत्याकांड : भाई सहित तीन के बयान लिए
बोले-बहू ने धोखा दिया, फुटेज देखने पर हुआ यकीन