हल्द्वानी। अवतार हत्याकांड के मामले में पुलिस ने मां का ब्लड डीएनए जांच के लिए देहरादून प्रयोगशाला भेज दिया है। वहीं, पुलिस घटना में शामिल तीसरे आरोपी अजय को अब तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
रुद्रपुर स्थित सामिया लेक सिटी निवासी अवतार चौधरी की 16 मई को कार में गला दबाकर हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को कार में सलड़ी ले जाकर जला दिया था। पुलिस ने अवतार की पत्नी नीलम और उसके दोस्त मनीष मिश्रा को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा किया। बताया कि घटना में शामिल तीसरा आरोपी अजय सिंह यादव निवासी मुगराबादशाहपुर जिला जौनपुर तब से फरार है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली। विवेचक कोतवाल विक्रम सिंह राठौर ने बताया कि अवतार की अंगूठी मनीष मिश्रा के दोस्त अजय सिंह यादव के पास है। पुलिस ने उसके घर छापा मारा, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। पुलिस का दावा है कि तीसरा आरोपी भी शीघ्र पकड़ा जाएगा।
डीएनए जांच के लिए ब्लड दून भेजा
अवतार हत्याकांड : तीसरे आरोपी अजय का पता लगाने में पुलिस विफल