रामनगर (नैनीताल)। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की स्थानीय मुख्य शाखा से आरबीआई में सौ-सौ से 16 नकली नोट जमा कराए गए थे। नोटों की जांच पड़ताल कराने के बाद भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) कानपुर की ओर से अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
एसबीआई की मुख्य शाखा में मई 2018 में सौ-सौ के 16 नकली नोट आरबीआई कानपुर में जाम कराए गए थे। जांच में पता चला कि नोट नकली हैं। इनका डाटा नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (एनसीआरबी) की वेबसाइट पर भी अपलोड कर दिया गया है। भारतीय मुद्रा के जाली नोटों का मुद्रण और परिचालन भारतीय दंड संहिता की धारा 489ए, 489बी, 489सी, 489डी, 489ई के तहत अपराध है। इन नोटों की जांच महाप्रबंधक बैंक नोट प्रेस देवास (मध्य प्रदेश) से कराई जा चुकी है, जांच में सभी नोट जाली पाए गए है।
स्थानीय थाने में आरबीआई के महाप्रबंधक दावा अनुभाग निर्गम विभाग कानपुर के सत्य कुमार ने मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच एसआई जयपाल सिंह चौहान को सौंपी है। एसएसआई कश्मीर सिंह ने बताया कि आरबीआई कानपुर में सौ-सौ के 16 नोट नकली पाए गए थे। जांच के बाद जिस स्थान से नकली नोट जमा कराए गए थे, उसी थाना क्षेत्र में मुकदमा दर्ज किया जाता है। इसलिए अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
एसबीआई रामनगर शाखा में जमा कराए गए नकली नोट
आरबीआई कानपुर ने रामनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई