लालकुआं (नैनीताल)। घर से नाराज होकर आई छात्रा को रेलवे सुरक्षा बल प्रभारी ने परिजनों के साथ जाने से इंकार करने पर चाइल्ड हेल्पलाइन प्रतिनिधि को सौंप दिया। रेलवे सुरक्षा बल प्रभारी निरीक्षक बीके सिंह ने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल के एएसआई रविंद्र कुमार, सिपाही राजकुमार सिंह, रेलवे प्लेटफार्म पर निरीक्षण कर रहे थे। तभी प्लेटफार्म नंबर एक पर स्कूल ड्रेस पहने एक छात्रा बेंच पर बैठी मिली। उन्होंने छात्रा से पूछताछ की तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी। इसके बाद उसे रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट लाया गया। जहां उसने खुद को तिकोनिया हल्द्वानी निवासी बताया। रेलवे अधिकारियों ने इसकी सूचना छात्रा के परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे माता पिता को देखकर वह घबरा गई। छात्रा ने अपने माता-पिता के साथ जाने से इंकार कर दिया। रेलवे सुरक्षा बल ने काउंसलिंग के लिए रेलवे स्टेशन अधीक्षक नीरज कुमार के सामने चाइल्ड हेल्पलाइन से आई प्रतिनिधि रेनू को सौंप दिया।
घर से नाराज होकर आई छात्रा को चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंपा