रामनगर (नैनीताल)। ग्राम क्यारी स्थित आयरिस रिसॉर्ट में हुई मारपीट के मामले में दोनों पक्षों की ओर से समझौता हो गया और पुलिस ने भी मामले को रफा-दफा कर दिया है। शनिवार देर रात को आयरिस रिसॉर्ट में फरीदाबाद हरियाणा के 14 पर्यटक ठहरे हुए थे और वह रिसॉर्ट मालिक की निजी पार्टी में घुसकर डीजे पर डांस कर रहे थे। इसी मामले को लेकर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई और बाद में मारपीट हुई। मारपीट में दोनों पक्ष घायल हुए। पुलिस ने रिसॉर्ट मालिक की ओर से अमित कुमार सहित 14 पर्यटकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया और दोनों पक्षों के एक-दूसरे के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करने का लिखित समझौता पुलिस को सौंपा। पुलिस ने समझौते के आधार पर हिरासत में लिए गए सभी पर्यटकों को छोड़ दिया है। रिसॉर्ट मालिक अंशुल जिंदल ने बताया कि पर्यटकों द्वारा माफी मांगने पर समझौता किया गया है। दूसरी ओर कोतवाल रवि कुमार सैनी ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।