सितारगंज में पुलिस ने बाइक को टक्कर मारने के आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। बीती आठ नवंबर को जिया नगला थाना शीशगढ़ जिला बरेली निवासी यशपाल पुत्र राम स्वरूप अपने दो अन्य साथियों के साथ बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में सड़क किनारे बाइक खड़ी कर बात कर रहे थे कि बेकाबू ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में यशपाल की बरेली के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद उसके तहेरे भाई गंगाराम ने पुलिस को तहरीर देकर ट्रक चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। सोमवार को पुलिस ने आरोपी अज्ञात चालक के खिलाफ आईपीसी की धारा 279, 304 ए, 338 व 427 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। एसएसआई मदन मोहन जोशी ने बताया कि चालक का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा।