सितारगंज के लौका गांव में 40 एकड़ पट्टे की भूमि पर कब्जा मामले में शिकायत करने वाले ग्रामीण ने आरोप लगाया है कि एक व्यक्ति ने जाति सूचक शब्द कहते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी है। रविवार को लौका गांव निवासी रामाशंकर ने कोतवाली में तहरीर दी। कहा कि लौका गांव में पट्टे की 40 एकड़ भूमि को गांव के ही कुछ लोगों ने फर्जी विरासतन दर्ज कराकर अपने नाम करा लिया था। जिसके बाद उन्होंने इस मामले में पैरवी की तो प्रशासन ने पट्टा निरस्त कर जमीन को सरकारी घोषित कर दिया। जिसके बाद से जमीन के अवैध कब्जेदार उससे रंजिश रखते हैं। आरोप लगाया शनिवार शाम करीब सात बजे वह साइकिल से घर जा रहे थे। रास्ते में एक ग्रामीण के घर के पास रुककर उससे बात करने लगे। इसी बीच कार सवार एक ग्रामीण वहां पहुंचा और अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी। फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया था।