रामनगर (नैनीताल)। गर्जिया मंदिर चौकी पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान कार में सवार दो युवकों को 25 किलो गांजे समेत गिरफ्तार किया है। जिला अल्मोड़ा और पौड़ी गढ़वाल की सीमा से लाया जा रहा यह गांजा मुरादाबाद जिले के ठाकुरद्वारा की ओर ले जाया जा रहा था।
गर्जिया पुलिस चौकी प्रभारी हरीश पुरी की टीम शुक्रवार को चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अपराह्न तीन बजे मारुति स्विफ्ट डिजायर कार यूके18डी 3828 की तलाशी ली गई। इस दौरान गांजे से भरे तीन कट्टे बरामद हुए। इसलिए कार में सवार थाना काशीपुर ऊधमसिंह नगर के ग्राम गढ़ीनेगी सिद्धार्थ उर्फ सोनू और थाना ठाकुरद्वारा जिला मुरादाबाद यूपी के ग्राम बुद्धनगर निवासी संजू को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों सराईखेत सल्ट से गांजा लेकर ठाकुरद्वारा जा रहे थे। वहां के एजेंट ने उनसे गांजा मंगवाया था। पुलिस ने दोनों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा किया है। कोतवाल रवि कुमार सैनी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस कथित ग्राहक की गिरफ्तारी के लिए भी दबिश दे रही है।