नैनीताल। जालसाजी कर विधवा आश्रम बेचने के आरोपी को मल्लीताल पुलिस ने उत्तर प्रदेश के हाथरस से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चार माह से फरार चल रहा था। उसे जेल भेज दिया गया है।
20 अप्रैल को मल्लीताल थाने में आगरा डायसिस के अवैतनिक सचिव राजीव चंद्र ने अनिल डेविड निवासी जली कोठी मेरठ, जॉनसन टी जॉन निवासी चर्च कंपाउंड हाथरस, विजय के रॉबिन निवासी रामनगर गाजियाबाद उत्तर प्रदेश समेत विधवा आश्रम को खरीदने वाले चार लोगों पर जालसाजी करने, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। यह कार्रवाई एसआईटी जांच में पुष्टि के बाद की गई थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद पिछले दिनों एक आरोपी अनिल डेविड जेल जा चुका है। इंस्पेक्टर मल्लीताल विपिन चंद्र पंत ने बताया कि दूसरा आरोपी जॉनसन टी जॉन वांछित था। एसएसआई बीसी मासीवाल अन्य पुलिस कर्मियों के साथ उसे गिरफ्तार करने सोमवार को हाथरस पहुंचे थे। सोमवार शाम को उन्होंने स्थानीय पुलिस के सहयोग से जॉनसन को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को उसे मल्लीताल थाने लाया गया। यहां पूछताछ करने के बाद जेल भेज दिया गया। एसएसआई बीसी मासीवाल ने बताया कि विधवा आश्रम को बेचने का तीसरा आरोपी विजय के रॉबिन फरार है। उसकी गिरफ्तारी को प्रयास किए जा रहे हैं जबकि संपत्ति खरीदने वाले चार आरोपी अदालत से स्टे मिल जाने के कारण गिरफ्तार नहीं हो सके हैं।
उत्तर प्रदेश के हाथरस से पुलिस ने दबोचा
एसआईटी जांच के बाद 20 अप्रैल को दर्ज हुआ था मुकदमा