रामनगर (नैनीताल)। हाईकोर्ट की सख्ती के बाद वन विभाग ने तीन और रिजॉर्ट संचालकों पर अतिक्रमण, धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है जबकि 10 सितंबर को भी आठ रिजॉर्ट संचालकों के खिलाफ भी इसी आरोप में कानूनी कार्रवाई की गई है। रामनगर वन प्रभाग कोसी रेंज की अपर कोसी बीट के वनरक्षक जगदीश प्रसाद ने कोतवाली में घटना की तहरीर दी। इसके आधार पर कांग्रेसी नेता अकबर अहमद डंपी के रिवर व्यू रिजॉर्ट, सर्वेश अग्रवाल के वुड कैसल, मुकुंद प्रसाद के सीआरवीआर रिजॉर्ट के स्वामी, प्रबंधक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। छलपूर्वक आरक्षित वन भूमि के चिन्ह हटाकर षड्यंत्र रच वन भूमि की चोरी करने का आरोप है। कोतवाल रवि कुमार सैनी ने बताया कि धारा 420, 434, 447, 379, 120 बी आईपीसी के तहत रिपोर्ट दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी है।