नैनीताल। कुमाऊं विवि के डीएसबी परिसर में एमकॉम द्वितीय सेमेस्टर के छात्र दिपांशु वर्मा के बैंक खाते से बीस हजार रुपये निकालने का मामला सोमवार को परिसर निदेशक के पास पहुंचा। छात्र ने बताया कि उसका बैंक ऑफ बड़ौदा की डीएसबी परिसर शाखा में खाता है। छात्र ने बताया कि उसके खाते से 31 मई को बीस हजार रुपये निकलने का मैसेज फोन पर आया। उन्होंने बताया कि बैक शाखा में जाने पर कर्मचारियों ने एटीएम का क्लोन बनाकर पैसा निकाले जाने की बात कही और बताया कि पैसा जयपुर से निकाला गया है। उसने बताया कि वह मई के दूसरे हफ्ते में दिल्ली गया था जहां उसने दो बार पैसे निकालने के लिए एटीएम कार्ड का प्रयोग किया। मामले की एफआईआर मल्लीताल कोतवाली में दर्ज कराई गई है। बैंक शाखा प्रबंधक ने निदेशक कार्यालय में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।