नैनीताल। एक माह पहले माल रोड से चोरी हुई बुलेट मल्लीताल पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बरामद की। रविवार को पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
बीते दिनों ट्रैवल्स संचालक की सूझबूझ से पुलिस ने दो बुलेट चोरों को पकड़ा था। इनकी निशानदेही पर रविवार को पुलिस ने तल्लीताल से लाल रंग की बुलेट बरामद की। आरोपी हापुड़ के थाना हाफिज गंज गांव भटेल निवासी बब्बू उर्फ अजय, हाफिजपुर थाना क्षेत्र के ही गांव हसनपुर निवासी राजीव और फुरकान निवासी गांव भमेड़ा बाबूगढ़ छावनी हापुड़ को मल्लीताल पुलिस ने कोर्ट में पेश किया।
एसएसआई मल्लीताल बीसी मासीवाल ने बताया कि इनके पास से कई फर्जी आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस आदि बरामद हुए हैं। बताया कि फर्जी कागज बनवाकर बुलेट को दिल्ली में बेच दिया था। बुलेट बरामद करने में एसआई दीपक बिष्ट, कांस्टेबल फिरोज और शेर सिंह शामिल रहे।