नैनीताल। ठंडी सड़क स्थित पाषाण देवी मंदिर के पास स्थित गुफा में मिले डॉक्टर के शव की पहचान डॉ. तपन कुमार मोहंती निवासी पश्चिम बंगाल के रूप में हुई। रॉयल होटल में रहने के दौरान उन्होंने यह जानकारी वहां दर्ज कराई थी। लगभग 30 साल पहले वह नैनीताल आए थे और दस साल से मानसिक रोग का दंश झेल रहे थे। मल्लीताल थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार को शव समाजसेवी हेम जोशी को सौंप दिया। हेम जोशी ने बताया कि अंतिम संस्कार करने के लिए उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन की ओर से अंतिम संस्कार के लिए सिर्फ दो लोग ही दिए गए। ऐसे में पाइंस श्मशानघाट तक शव को ले जाने में उन्हें परेशानी हुई। अंतिम संस्कार में डॉ. सरस्वती खेतवाल, घाट के चौकीदार इमरान और लक्ष्मण ने सहयोग दिया।