बाजपुर में गांव गणेशपुर निवासी एहसान अली और महेंद्र सिंह के बीच सोमवार को रास्ते से लकड़ी हटाने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के परिजन आ धमके। इस दौरान दोनों पक्षों में लाठी डंडे चले।
मारपीट में एहसान अली और उसके भाई की पत्नी नसरीन जहां गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी लाया गया। डाक्टरों ने घायलों को हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया। नसरीन गर्भवती बताई गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि एहसान अली की रास्ते में लकड़ी पड़ी थी। जिसे हटाने को लेकर विवाद हुआ। दूसरे पक्ष के दो लोगों को चोटें आई हैं। इधर एसओ वीरेंद्र रमोला ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।