रामनगर (नैनीताल)। रामनगर में वक्फ बोर्ड की संपत्ति को लेकर कोर्ट में चल रहे विवाद के बाद तीन सदस्यीय टीम ने रामनगर पहुंचकर स्थानीय प्रशासन के साथ बैठक की। साथ ही मुख्य बाजार में बोर्ड की संपत्ति पर बनी दो दुकानों का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के लोगों से जानकारी भी जुटाई।
रामनगर क्षेत्र में वक्फ बोर्ड की संपत्ति पर कब्जे को लेकर कोर्ट में एक मामला विचाराधीन है। इसको लेकर मंगलवार को वक्फ बोर्ड के कार्यपालक अधिकारी अलीम अंसारी के नेतृत्व में बोर्ड की तीन सदस्यीय टीम नगरपालिका पहुंची। यहां टीम ने एसडीएम परितोष वर्मा, तहसीलदार प्रियंका रानी, नगरपालिका ईओ मनोज दास के साथ संयुक्त रूप से बैठक कर मामले से संबंधित जानकारी ली। बैठक के बाद बोर्ड की टीम स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुरानी तहसील चौक पर पहुंची। बोर्ड के कार्यपालक अधिकारी अंसारी ने बताया कि संपत्ति को खाली कराने से पहले मौके का भौतिक निरीक्षण करने के साथ ही सत्यापन की कार्रवाई की जा रही है। बोर्ड की संपत्ति पर कब्जा करने वालों के खिलाफ वक्फ बोर्ड एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।