लालकुआं (नैनीताल)। नगर की जामा मस्जिद में चल रहे पुनर्निर्माण के दौरान मस्जिद कमेटी के पुराने और नए पदाधिकारी भिड़ गए। मारपीट की नौबत आने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। इस दौरान दोनों पक्षों ने कोतवाली में तहरीर दी तो पुलिस ने दोनों पक्षों के 24 से अधिक लोगों को मुचलका पाबंद किया है।
जामा मस्जिद में इन दिनों सदर की देखरेख में पुनर्निर्माण कार्य चल रहा है लेकिन मस्जिद के लेंटर की ऊंचाई, डिजाइन को लेकर पुराने पदाधिकारियों ने आपत्ति जताई लेकिन नए पदाधिकारियों ने पुनर्निर्माण कार्य को सही बताया। इस कारण वह मंगलवार को भिड़ गए। इनमें झगड़े की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने बमुश्किल दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत किया। मामला यहां खत्म नहीं हुआ। इसके बाद दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे। जहां एक दूसरे के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। मस्जिद कमेटी के सदर मुख्तार अहमद ने तहरीर दी। बताया कि कमेटी से हटाए गए हनीफ अहमद, मो. हफीज, अब्दुल कादिर, मो. शकील आदि लोग अनावश्यक रूप से हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य में बाधा डाल रहे हैं। वहीं मदरसा बोर्ड के सचिव जहीर अहमद ने बताया कि जामा मस्जिद, मदरसा वक्फ संख्या 223, 82 है। कुछ दबंग लोग अवैध ढंग से तोड़फोड़ कर रहे हैं। पुलिस ने दोनों तहरीरों पर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल रवि कुमार सैनी ने बताया कि समझाने के बाद भी दोनों पक्ष अड़े हैं। शांतिभंग की आशंका को देखते हुए पुलिस को कानूनी कार्रवाई करनी पड़ी।